पटना:
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिछले दिनों लोजपा के सांसद चिराग पासवान को बच्चा कह दिया था। जिसे लेकर बिहार की सियासत फिर गरमा गई है। सीएम के इस बयान पर विपक्षी पार्टी लगातार उनपर हमलावर है। गुरुवार को बीजेपी नेता निखिल आनंद ने ट्विटर पर वीडियो पोस्ट कर बयान जारी कर निशाना साधा है। निखिल आनंद ने कहा कि ऐसा लगता है नीतीश कुमार पार्ट टाइम मुख्यमंत्री और फुल टाइम बिहार के गृह मंत्री हो गए हैं।

माफी मांगे सीएम
निखिल आनंद ने कहा कि नीतीश कुमार ने अप्रत्यक्ष तौर पर सीएम का पद डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव को सौंप रखा है। जब भी राजनीतिक बात होती है, उनसे कुछ सवाल पूछा जाता है तो वे अलग-अलग तरह से बयानबाजी कर रहे हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। हाल ही में सीएम नीतीश ने बिहार के सम्मानित नेता रहे दिवंगत रामविलास पासवान को लेकर अपमाजनक टिप्पणी की थी। अगर सीएम पद पर रहते हुए नीतीश कुमार इस तरह के व्यक्तिगत बयान दे रहे हैं, तो लगता है कि उनका मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। उन्हें किसी मनोविज्ञानी से परामर्श लेनी चाहिए और दिवंगत रामविलास पासवान के अपमान पर उन्हें माफी मांगनी चाहिए।

रामविलास पासवान के लिए जिन शब्दों का इस्तेमाल दुर्भाग्यपूर्ण
चिराग पासवान के बच्चा वाले बयान को लेकर निखिल आनंद ने कहा कि देश में कई राज्यों में कम उम्र के भी मुख्यमंत्री हैं। उनसे ज्यादा वरिष्ठ लोग उन्हीं की मंत्रिमंडल में मंत्री होते हैं। क्या राजनीति में उम्र के तकाजे के अनुसार नीतीश कुमार इस तरीके से रिजेक्ट करते रहेंगे? ये लगता है कि नीतीश कुमार बहस और विमर्श से भाग रहे हैं। जब गंभीर सवाल पूछा जाता है तो नीतीश कुमार हल्के फुल्के तरीके से अपशब्दों से जवाब देते हैं। मुख्यमंत्री के तौर पर हम सब उनका सम्मान करते हैं। रामविलास पासवान के लिए जिन शब्दों का उन्होंने इस्तेमाल किया यह दुर्भाग्यपूर्ण है।